नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए महाराष्ट्र के करीब 200 श्रद्धालु इन दिनों नेपाल की राजधानी काठमांडू में फंसे हुए हैं। यात्रियों ने यात्रा के लिए जरूरी सभी दस्तावेज, परमिट और औपचारिकताएं समय पर पूरी कर ली थीं, लेकिन चीन की ओर से वीजा जारी नहीं होने के कारण वे आगे की यात्रा नहीं कर पा रहे हैं। इस स्थिति से श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है तथा सरकार से जल्द समाधान की मांग की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंबई, पुणे समेत महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से श्रद्धालु कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल पहुंचे थे। यात्रा के लिए आवश्यक सभी दस्तावेज जमा करने के साथ-साथ उन्हें यात्रा का परमिट भी मिल चुका था। इसके बावजूद चीनी दूतावास की ओर से अब तक वीजा जारी नहीं किया गया है, जिसके कारण सभी श्रद्धालुओं को काठमांडू में ही रुकना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सांसद सुप्रिया सुले ने काठमांडू में फंसे श्रद्धालुओं से फोन पर बातचीत की। उन्होंने यात्रियों की समस्याओं की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि उन्हें जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही राज्य सरकार और केंद्र सरकार दोनों स्तरों पर इस मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।




