गुना (मध्य स्वर्णिम): केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश के गुना जिले में कूनो नदी के उद्गम स्थल ग्राम कंजा पहुंचकर जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं धार्मिक आस्था के संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने उद्गम स्थल पर विधि- विधान से पूजा-अर्चना की तथा महिलाओं एवं बालिकाओं द्वारा कलश यात्रा के माध्यम से लाए गए पवित्र जल को शास्त्री मंदिर में अर्पित कराया। इसके बाद एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ 700 पौधों का रोपण किया। साथ ही उन्होंने खुटियावद – म्याना में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित पीएम- कुसुम योजना के 3.8 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण तथा ग्राम पटाई में श्री राम-जानकी मंदिर जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन भी किया।
प्रकृति की रक्षा हमारा धर्म: सिंधिया
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय संस्कृति में नदियों को माता का स्वरूप माना गया है। उन्होंने कहा कि जल है तभी जीवन है और वर्तमान समय में बढ़ते तापमान एवं पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए जल स्रोतों एवं वृक्षों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का धर्म होना चाहिए। उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि पृथ्वी सभी की आवश्यकताओं की पूर्ति कर सकती है, लेकिन किसी एक व्यक्ति के लोभ की नहीं। उन्होंने कूनो उद्गम स्थल के संरक्षण एवं बावड़ी निर्माण कार्य की सराहना की।




