मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री

0

भोपाल: मध्य प्रदेश के लिए राहत की बड़ी खबर है। IMD के द्वारा 24 जून 2026 की दोपहर को जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून आधिकारिक तौर पर मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। मानसून की उत्तरी सीमा अब प्रदेश के इंदौर और मंडला से होकर गुजर रही है । एमपी में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली है । प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में मानसून सक्रिय हो चुका है, जबकि अगले 24 घंटे में इसके अधिकांश जिलों तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में गरज – चमक, तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग से जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान मालवा, निमाड़, महाकौशल और नर्मदापुरम संभाग के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

एमपी के इन जिलों में भारी बारिश की संभावना:

आईएमडी के अनुसार प्रदेश में बैतूल, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, विदिशा, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, बालाघाट, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, सागर, रीवा और ग्वालियर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा का दौर जारी रहने के आसार हैं।