नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान ने अमेरिका को स्पष्ट कर दिया है कि होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से कोई टोल, बीमा शुल्क या अन्य किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है। ट्रंप ने यह भी कहा कि यदि इस संबंध में सामने आ रही खबरें गलत साबित होती हैं तो अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत तत्काल खत्म हो सकती है। ट्रंप ने एक बयान में कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में यह दावा किया गया था कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, ईरान ने अमेरिका को बताया है कि ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। ट्रंप ने कहा कि होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर न कोई टोल लिया जा रहा है, न कोई बीमा शुल्क और न ही किसी प्रकार का अन्य चार्ज वसूला जा रहा है ।
क्या अमेरिका ने ईरान को कोई धनराशि दी है?
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका ने ईरान को कोई पैसा नहीं दिया है और न ही ईरान की किसी धनराशि को सीधे जारी किया गया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान को लेकर इस तरह की खबरें भी गलत हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के नियंत्रण में मौजूद कुछ धन का उपयोग अमेरिकी किसानों और पशुपालकों से कृषि उत्पाद खरीदने के लिए किया जाएगा।
ईरान के लिए क्या खरीदने की बात कही गई?
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका मक्का, गेहूं, सोयाबीन और अन्य खाद्य सामग्री खरीदेगा, क्योंकि ईरान में खाद्य पदार्थों की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह खरीदारी केवल अमेरिका से ही की जाएगी। ट्रंप के अनुसार, इससे एक ओर अमेरिकी किसानों को लाभ मिलेगा, वहीं दूसरी ओर ईरान की खाद्य जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।




