भोपाल (मध्य स्वर्णिम): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रदेश कार्यसमिति, स्थायी आमंत्रित एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची जारी कर दी है। पार्टी के संविधान के अनुरूप 106 सदस्यों की प्रदेश भाजपा कार्यसमिति का गठन किया गया है । कार्यसमिति में 33 प्रतिशत महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज के प्रतिनिधियों को भी पर्याप्त स्थान दिया गया है । नई कार्यसमिति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित पार्टी प्रमुख नेताओं को स्थान दिया गया है। वहीं, कई ऐसे चेहरे भी शामिल किए गए हैं, जिन्हें लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर नहीं मिला था । इससे संकेत मिल रहे हैं कि भाजपा आगामी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने की दिशा में काम कर रही है । कार्यसमिति के गठन में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन पर विशेष ध्यान दिया गया है। पार्टी ने विभिन्न वर्गों और समुदायों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है। इसी क्रम में अल्पसंख्यक समुदाय से भी पतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है, जिसे संगठन के विस्तार और सामाजिक पहुंच बढ़ाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। सूची में कुछ वरिष्ठ नेताओं के नाम नहीं होने से भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की अनुपस्थिति राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया से जुड़े नेताओं को संगठन में प्रतिनिधित्व मिलने को भी भाजपा के भीतर संतुलन बनाए रखने की कवायद है माना जा रहा है।




