उज्जैन-सांवेर-इंदौर के विकास का नया पर्याय बनेगा ग्रीन फील्ड कॉरीडोर

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इंदौर, उज्जैन और सांवेर सहित अन्य शहरों को 5 हजार 657 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिली है। यह प्रदेश की जनता के लिए ऐतिहासिक क्षण है । इंदौर के पितृश्वर महादेव से बाबा महाकल तक आने के लिए सीधी सड़क का भूमि-पूजन हुआ है । यह परियोजना पीथमपुर को निमाड़ क्षेत्र में आगे दिल्ली-मुंबई इकोनॉमिक कॉरिडोर से जोड़ेगा और क्षेत्र के लिए आर्थिक समृद्धि का अहम मार्ग बनेगा । राज्य सरकार ने किसानों की मांग पर इसकी ऊंचाई कम की है, जिससे किसानों को भी आवागमन में लाभ मिलेगा । प्राचीन काल में इस मार्ग से वर्षभर साधु- संत और श्रद्धालु पैदल यात्रा करते थे । ग्रीन फील्ड कॉरीडोर उज्जैन-सांवेर – इंदौर क्षेत्र के विकास का नया पर्याय बनेगा । यह परियोजना सिंहस्थ के दृष्टिगत प्रदेश को बड़ी सौगात है। करीब 48 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन ग्रीन फील्ड कॉरिडोर का निर्माण लगभग 2 हजार 935 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय शहरी विकास एवं आवास मंत्री खट्टर के साथ सांवेर विधानसभा क्षेत्र के चंद्रावतीगंज में शनिवार को इंदौर – उज्जैन ग्रीन फील्ड कॉरीडोर का भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न योजना के हितग्राहियों को हितलाभ और सड़क सुरक्षा के मद्देनजर हेलमेट वितरित किए ।

भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी से आए बाहर: मनोहर लाल
केंद्रीय मंत्री आवास एवं शहरी कार्य मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विरासत से विकास की प्रेरणा दी है और इसी को ध्येय बनाकर मध्यप्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में उज्जैन में स्मार्ट सिटी के उत्कृष्ट कार्य हुए हैं, यह सराहनीय पहल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव एक दूरदर्शी सोच रखने वाले मुख्यमंत्री हैं, जो मध्यप्रदेश को बहुत आगे ले जाएंगे। हमारी सांस्कृतिक विरासत के बिना हमारा गौरव शून्य हो जाएगा। उज्जैन देशभर में आस्था का प्रमुख केंद्र बनें, इसके लिए कार्य जारी है। प्रधानमंत्री मोदी ने काशी में विश्वनाथ धाम, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर और केदारनाथ धाम में विकास को नई दिशा दी है। देश में प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल के कार्य काल में कई अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। भारत ने आज दुनिया के देशों को नेतृत्व दिया है। देश में गरीब- जरूरतमंदों को नि:शुल्क आवास, राशन और गैस कनेक्शन दिए गए हैं। विगत 12 सालों में भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

स्वनिधि योजना में 20 हजार व्यापारियों को 51 करोड़ रूपए किये जारी:
मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 42 हजार से अधिक हितग्राहियों को 2 हजार 548 करोड़ रुपये से अधिक आवासों का भूमि-पूजन किया और प्रदेश में 992 करोड़ से निर्मित 38 हजार आवासों में गृह-प्रवेश कराया गया। इसके साथ ही 446 करोड़ की लागत से 116 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 310.82 करोड़ की 37 परियोजनाओं का भूमि-पूजन भी किया। क्षेत्र के 20 हजार छोटे व्यापारियों को स्वनिधि योजना अंतर्गत 51 करोड़ रूपए राशि जारी की गई। कार्यक्रम में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत सीवर और जल निकासी की परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ।