नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): नीट-यूजी परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक की चिंताओं के बीच केंद्र सरकार ने भारत में प्रसिद्ध मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर अस्थाई रूप से पाबंदी लगा दी है। सरकार के इस कदम के बाद देश की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस फैसले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है । नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की सिफारिश पर सरकार ने 22 जून 2026 तक के लिए भारत में टेलीग्राम का एक्सेस रोक दिया है। इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पेपर लीक रोकने का मोदी सरकार का नया हथकंडा । यानी चोर को पकड़ने के बजाय पीड़ित के ही दरवाजे पर ताला लटका दो ।
क्या अगला बैन व्हाट्सएप पर होगा ?
राहुल ने सरकार के इस कदम के असरदार होने पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यह तरीका बिल्कुल भी सुरक्षित (फुलप्रूफ) नहीं है और यह बात देश का बच्चा-बच्चा और पेपर लीक कराने वाला माफिया भी अच्छी तरह जानता है । उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि अगर इससे भी पेपर लीक नहीं रुका, तो सरकार अगला बैन किस पर लगाएगी’?




