नई दिल्ली: पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गोवा में विधानसभा चुनाव समय से पहले हो सकते हैं। यह संकेत इस बात से मिला है कि बीजेपी ने इन राज्यों में अपनी प्रदेश इकाइयों को निर्देश दिया है कि वे चुनावी तैयारियों में तेजी लाएं। सूत्रों के मुताबिक, इसके पीछे मकसद यह है कि चुनाव कार्यक्रम और फरवरी, 2027 में होने वाले जनगणना कार्यक्रम का आपस में टकराव ना हो। देश भर में दूसरे चरण की जनगणना का दौर अगले साल फरवरी में शुरू होगा इन चारों राज्यों के साथ ही मणिपुर में भी फरवरी, 2027 में विधानसभा के चुनाव प्रस्तावित हैं | मणिपुर लंबे वक्त से जातीय हिंसा से ग्रस्त है और इस राज्य में भी चुनाव को लेकर बीजेपी नेतृत्व कोई फैसला कर सकता है। बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद मिली गति को बरकरार रखते हुए पार्टी इन राज्यों के चुनाव में जाना चाहती है । इसलिए इन राज्यों में बीजेपी की प्रदेश इकाइयों से कहा गया है कि वे इसे बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत करें ।
कांग्रेस को लेकर सतर्क है बीजेपी:
बीजेपी के सूत्रों का कहना है कि इन राज्यों में सिर्फ उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी जगह कांग्रेस महत्वपूर्ण भूमिका में है और उसे केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के राजनीतिक घटनाक्रमों से ऊर्जा मिली है। अगर चुनाव पहले हो जाते हैं तो कांग्रेस के पास चुनावी तैयारी करने के लिए ज्यादा वक्त नहीं होगा और यह बीजेपी के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। कांग्रेस की अगुवाई वाले यूडीएफ को केरल में बड़ी जीत मिली है जबकि तमिलनाडु में वह जोसेफ विजय की टीवीके के साथ सरकार में शामिल है। कर्नाटक में उसने आसानी से पावर ट्रांसफर किया है।
खडग़े ने आरएसएस पर साधा निशाना:
कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खडग़े ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और मोहन भागवत पर एक बार फिर से हमला बोला है। उन्होंने राजधानी नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मोहन भागवत ने उनके पत्र का जवाब नहीं दिया। संघ प्रमुख ने नहीं बताया कि आरएसएस का पैसा कहां से आता है? इससे पहले प्रियांक खडग़े ने संघ प्रमुख मोहन भागवत को एक पत्र लिखा था। इस पत्र के बाद केरल के त्रिशूर में मीडिया से बात करते हुए संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि कुछ लोग संंघ के काम में अड़चनें डालकर लोगों के मन में भ्रम पैदा करना चाहते हैं लेकिन ऐसा इसलिए नहीं हो पा रहा है क्योंकि लोग हमें जानते हैं। राजधानी नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए प्रियांक खडग़े ने कहा, संघ प्रमुख कहते हैं हम क्या छुपा कर कर रहे हैं, हम संघ के नाम पर ही कर रहे हैंज् मैं भी वही पूछ रहा हूं? संघ के नाम पर कर रहे हैं तो भैया संघ क्या है? कौन है? आपका पैसा कहां से आता है? वही तो मैं भी पूछ रहा हूं।




