नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और प्रशासक, केंद्रीय मंत्री और नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज जब पूरी दुनिया अस्थिरता और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है, तब भी भारत पूरे आत्मविश्वास और पक्के इरादे के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि जैसे-जैसे हम विकसित भारत के सपने की ओर बढ़ रहे हैं, केंद्र और सभी राज्यों की सामूहिक जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ जाती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास इस समय युवाओं की सबसे बड़ी आबादी है । यह एक ऐसा ऐतिहासिक अवसर है जिसे हम किसी भी कीमत पर गंवा नहीं सकते। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता युवाओं को बेहतर शिक्षा, बाजार की मांग के हिसाब से हुनर और रोजगार के नए अवसर देना होना चाहिए। पीएम मोदी ने जोर दिया कि मजबूत और सक्षम युवा ही विकसित भारत के सफर की सबसे बड़ी ताकत बनेंगे बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र और राज्य मिलकर सहकारी संघवाद की भावना से देश के विकास को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में सभी का साथ और सहयोग बहुत जरूरी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी लिखा कि सभी मिलकर भारत की विकास यात्रा को तेज करने के लिए काम कर रहे हैं। व्यापार को बढ़ावा देने पर बात करते हुए पीएम मोदी ने आगे कहा कि भारत ने दुनिया के कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। इससे भारतीय सामान के निर्यात के लिए नए रास्ते खुले हैं।
नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में बताई गईं मध्यप्रदेश की उपलब्धियां:
नई दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 11वीं बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में सभी वर्गों के विकास के लिए किए जा रहे विशेष प्रयत्नों से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि काउंसिल की बैठक में विकसित भारत ञ्च2047 के संकल्प को साकार करने के लिए केंद्र और राज्यों की साझी भागीदारी, समन्वित प्रयासों तथा विकास के विभिन्न आयामों पर व्यापक और सार्थक चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश भी विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए सुशासन, समावेशी विकास, नवाचार और जनकल्याण के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बैठक में जानकारी दी कि प्रदेश को नक्सलवाद का खात्मा केंद्र सरकार द्वारा तय की गई समय- सीमा से पहले करने में सफलता मिली है। प्रदेश के जो क्षेत्र नक्सलवाद से प्रभावित थे, वहां विकास की गति तेज की जाएगी।




