नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): पश्चिम एशिया में भारतीय नाविकों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों पर भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। भारत ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में क्षेत्र में भारतीय नाविकों से जुड़े कई गंभीर घटनाक्रम सामने आए हैं । भारत अपने नाविक समुदाय की सुरक्षा को प्राथमिकता देता है इसलिए स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है |विदेश मंत्रालय ने ओमान के तट के पास एक जहाज पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी । जायसवाल ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और भारत सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
भारत ने दर्ज कराया अपना विरोध:
भारत ने इस घटना को लेकर नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के प्रभारी को तलब किया और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में लगातार हो रहे हमले न केवल अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि इससे वैश्विक व्यापार और नाविकों की सुरक्षा पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।
चार दिन में तीन जहाजों को बनाया निशाना:
आठ जून को पलाऊ ध्वज वाले तेल टैंकर मैरिवेक्स पर अमेरिकी बलों की कार्रवाई हुई थी। जहाज पर 24 भारतीय नाविक सवार थे। इस घटना के बाद जहाज निष्क्रिय हो गया था, हालांकि सभी चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। इसके बाद 10 जून को पलाऊ ध्वज वाले एक अन्य टैंकर सेटेबेलो पर हमला हुआ। जहाज पर सवार 24 भारतीय नाविकों में से तीन की मौत हो गई।




