तिरुवनंतपुरम (मध्य स्वर्णिम): कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) – एक्सालॉजिक वित्तीय लेनदेन और धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद बुधवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में जबरदस्त राजनीतिक तनाव और हिंसक प्रदर्शन देखने को मिला। पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष पिनाराई विजयन के आवास पर कई घंटों तक चली तलाशी के बाद जब ईडी अधिकारियों की टीम परिसर से बाहर निकली, तब वहां मौजूद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी – मार्क्सवादी कार्यकर्ताओं की भीड़ उग्र हो गई और अधिकारियों के काफिले पर हमला कर दिया । केरल पुलिस ने लगभग 100 पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तलाशी अभियान खत्म होने के बाद जैसे ही ईडी अधिकारी सरकारी वाहनों की ओर बढ़े, प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे । तनावपूर्ण माहौल के बीच भीड़ ने आक्रामक रूप धारण कर लिया। प्रदर्शनकारियों ने ईडी अधिकारियों को ले जा रही गाड़ियों पर पत्थर और लाठियों से हमला बोल दिया। इससे गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। घटनास्थल पर मौजूद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और केरल पुलिस के जवानों को हालात संभालने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। सुरक्षा बलों ने ईडी अधिकारियों को सुरक्षा घेरे में लेकर बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन उग्र भीड़ लगातार काफिले को रोकने की कोशिश करती रही ।




