यूएई के न्यूक्लियर प्लांट पर ड्रोन अटैक

0

दुबई: संयुक्त अरब अमीरात के बाराकाह परमाणु ऊर्जा संयंत्र को रविवार को एक ड्रोन हमले में निशाना बनाया गया। इस हमले के कारण संयंत्र की बाहरी सीमा पर स्थित एक इलेक्ट्रिकल जनरेटर में आग लग गई। इस घटना ने ईरान युद्ध में चल रहे अस्थिर संघर्ष विराम को एक बार फिर खतरे में डाल दिया है। अबू धाबी के अधिकारियों ने बताया कि इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी भी संगठन ने नहीं ली है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। इसके साथ ही किसी भी प्रकार के रेडियोधर्मी रिसाव की बात से भी साफ इनकार किया गया है । इस हमले का सीधा शक ईरान पर गहरा गया है। ईरान पिछले कुछ दिनों से यूएई को लगातार धमकियां दे रहा था। यूएई ने हाल ही में युद्ध के दौरान इस्राइली आयरन डोम मिसाइल रक्षा प्रणालियों और सैनिकों की मेजबानी की थी, जिससे ईरान बेहद नाराज है। यूएई की ऊर्जा का मुख्य आधार बाराकाह संयंत्र: दक्षिण कोरिया की मदद से निर्मित 20 अरब डॉलर का बाराकह परमाणु ऊर्जा संयंत्र साल 2020 में चालू हुआ था । यह अरब प्रायद्वीप का पहला और एकमात्र परमाणु ऊर्जा संयंत्र है ।