नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): सतीशन दामोदर मेनन वडस्सेरी (वीडी सतीशन) सोमवार को केरल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इसके साथ ही राज्य की सत्ता में कांग्रेस की वापसी होने जा रही है। इससे पहले वर्ष 2011-2016 तक कांग्रेस के ओमन चांडी राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे । शपथ ग्रहण समारोह सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। राजधानी तिरुवनंतपुरम में समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। संभावना जताई जा रही है कि वीडी सतीशन के साथ पूरा मंत्रिमंडल शपथ ले सकता है। संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के घटक दलों के बीच लगातार बैठकें जारी हैं, जिनमें विभिन्न सहयोगी दलों को मंत्रालयों के बंटवारे और मंत्रियों की संख्या को लेकर चर्चा हो रही है । शपथ ग्रहण समारोह में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। कांग्रेस इसे एक बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देख रही है । कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा कर्नाटक और तेलंगाना के मुख्यमंत्री भी समारोह में मौजूद रहेंगे। दरअसल, 140 सदस्यीय केरल विधानसभा में यूडीएफ ने 102 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। इनमें कांग्रेस ने अकेले 63 सीटें जीती हैं ।




