टीचर की पिटाई से छात्र की मौत, भोपाल एम्स में चल रहा था इलाज

0

दमोह (मध्य स्वर्णिम): दमोह के तेंदूखेड़ा क्षेत्र में छात्र से कथित मारपीट का मामला अब गंभीर और हाईप्रोफाइल हो गया है। भोपाल एम्स में इलाज के दौरान नौ वर्षीय काव्य नामदेव की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों और समाज में भारी आक्रोश फैल गया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजन उसका शव लेकर देर रात पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए और न्याय की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। मौके पर देर रात तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। परिजनों का आरोप है कि 19 फरवरी को आईईएस पब्लिक स्कूल की शिक्षिका ने कॉपी सही न लिखने पर काव्य के हाथ-पैरों पर डंडों से बेरहमी से मारपीट की थी। घर पहुंचने पर बच्चे ने रोते हुए अपनी मां को घटना की जानकारी दी थी और उसके शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दिए थे । परिवार का कहना है कि शिकायत के बावजूद स्कूल और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया । इसके बाद बच्चे की तबीयत लगातार बिगड़ती गई और उसे पहले तेंदूखेड़ा, फिर जबलपुर, बाद में अपोलो अस्पताल और अंतत: भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई ।