भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश में आम आदमी को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। गैस सिलेंडर महंगा होने के बाद अब पेट्रोल और डीजल के दामों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। करीब चार साल बाद तेल कंपनियों ने खुदरा कीमतों में बड़ा बदलाव किया है, जिसके बाद प्रदेश के बड़े शहरों में पेट्रोल 3 रुपए से ज्यादा महंगा हो गया है। नई दरें देर रात से लागू हो गई हैं। तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 3.14 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 3.11 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है ।राजधानी भोपाल में पहले पेट्रोल 106.56 रुपए प्रति लीटर बिक रहा था, जो अब बढ़कर 109.70 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल 91.93 रुपए से बढ़कर 95.04 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन समेत प्रदेश के अन्य बड़े शहरों में भी नई दरें लागू हो गई हैं । पेट्रोल-डीजल महंगा होने के बाद ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ना तय माना जा रहा है। इसका असर सब्जियों, किराना, दूध और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है । प्रदेश में पहले से बढ़ती गर्मी और महंगाई के बीच ईंधन के दाम बढ़ने से आम लोगों की चिंता और बढ़ गई है।




