भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्य प्रदेश एक बार फिर देश में बुजुर्गों के लिए सबसे असुरक्षित राज्य घोषित किया गया है। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की ‘क्राइम इन इंडिया 2024’ रिपोर्ट के मुताबिक, बीते एक साल में राज्य में वरिष्ठ नागरिकों के खिलाफ अपराध के कुल 5,875 मामले दर्ज किए गए हैं, जो देश में सबसे अधिक हैं। पिछले साल की तुलना में यह आंकड़ा और अधिक भयावह होता जा रहा है । हैरान करने वाली बात यह है कि ये अपराध केवल छोटी-मोटी चोरी या संपत्ति विवाद तक सीमित नहीं हैं। आंकड़ों के अनुसार, एक साल में 144 बुजुर्गों की हत्या हुई है । वहीं, बुजुर्ग महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं । रिपोर्ट में रेप के 23 मामले और छेड़छाड़ के 17 मामले दर्ज किए गए हैं । सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि लोकलाज और डर के कारण वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है। जांचकर्ताओं का कहना है कि अकेलेपन और डिजिटल जानकारी के अभाव के कारण बुजुर्ग अब सॉफ्ट टारगेट बन रहे हैं। पेंशन फ्रॉड, संपत्ति कब्जाने और हाल ही में बढ़े डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों ने सीनियर सिटीजंस की नींद उड़ा दी है। पुलिस की विशेष हेल्पलाइन और मॉनिटरिंग के बावजूद, इन अपराधों पर लगाम नहीं लग पा रही है।




