नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): अमेरिका-ईरान युद्ध जल्द खत्म होने के आसान दिख रहे हैं । अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दावा किया कि ईरान के साथ सैन्य अभियान ( ऑपरेशन एपिक फ्यूरी) समाप्त हो गया है और इसके लक्ष्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि संघर्ष महीनों का नहीं बल्कि कुछ हफ्तों का था और अमेरिका सीधे जमीनी सैनिक नहीं उतारेगा । समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में अमेरिकी न्यूज़ चैनल के हवाले से बताया गया है कि व्हाइट हाउस को लगता है कि वह ईरान के साथ एक एक- पेज समझौता ज्ञापन पर सहमति के करीब पहुंच गया है । इस समझौते का उद्देश्य चल रहे युद्ध को खत्म करना और आगे होने वाली विस्तृत परमाणु (न्यूक्लियर) वार्ताओं के लिए एक ढांचा तैयार करना है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका को अगले 48 घंटों में ईरान की प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद है। हालांकि अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है, लेकिन यह स्थिति युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक की सबसे करीब मानी जा रही है | अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान के खिलाफ 28 फरवरी से शुरू हुआ ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ अब समाप्त हो गया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने दिए संकेत:
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को खत्म करने की दिशा में एक बड़ा संकेत देते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अगर ईरान तय शर्तों को मान लेता है, तो अमेरिका का सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ खत्म किया जा सकता है और होर्मुज जलडमरूमध्य में लगा सैन्य प्रतिबंध भी हटाया जा सकता है। ट्रंप ने यह बयान अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दिया। उन्होंने कहा कि यदि तेहरान पहले से तय शर्तों को स्वीकार करता है, तो संघर्ष समाप्त हो सकता है और होर्मुज जलडमरूमध्य सभी देशों के लिए खोल दिया जाएगा।
मार्को रूबियो का भारत दौरा शीघ्र:
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने अपने देश के विदेश मंत्री मार्को रूबियो की आगामी भारत यात्रा का स्वागत किया है। सर्जियो गोर का कहना है कि अमेरिका भारत के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करना चाहता है, इसलिए वे अमेरिकी विदेश मंत्री की भारत यात्रा को लेकर बहुत ही उत्साहित हैं।भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक एक्स पोस्ट के माध्यम से अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की आगे होने वाली भारत यात्रा को लेकर खुशी जताई है और दोनों देशों के संबंधों के लिए इस बहुत ही महत्वपूर्ण बताया है।अपने एक्स पोस्ट में सर्जियो गोर ने लिखा है, अपने अच्छे दोस्त विदेश मंत्री रूबियो का भारत में स्वागत के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि रूबियो की भारत यात्रा बहुत जल्द ही होगी। सर्जियो गोर पहले कह चुके हैं कि क्वाड पर बैठक को लेकर तैयारी चल रही है।




