उज्जैन (मध्य स्वर्णिम): व्यक्तिगत शोक के बावजूद मुख्यमंत्री ने जनसेवा और प्रशासनिक दायित्वों को प्राथमिकता देते हुए अपने निर्धारित कार्यक्रम जारी रखे। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौसेरी बहन ग्यारसी बाई यादव का निधन हो गया । अंत्येष्टि के लिए उज्जैन पहुंचते ही नागझिरी स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र (साइलो) का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। वे हेलीपैड से सीधे केंद्र पहुंचे और वहां किसानों से बातचीत कर गेहूं खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर रोशन कुमार सिंह से चर्चा कर निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो । मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के दौरान किसानों के लिए पेयजल, छाया (शामियाना) और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, किसानों के बिल समय पर और आसानी से बनाए जाएं तथा उपज की तुलाई पूरी पारदर्शिता के साथ हो । उन्होंने गेहूं की धुलाई और भंडारण व्यवस्था को लेकर भी सख्ती दिखाई और कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




