जबलपुर (मध्य स्वर्णिम): बरगी डैम क्रूज हादसे के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जबलपुर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा । कहीं बच्चों को गले लगाकर सांत्वना दी गई, तो कहीं बेटियों के सिर पर हाथ रखकर उन्हें हिम्मत दी गई। मुख्यमंत्री सबसे पहले हादसे में जान गंवाने वाली नीतू सोनी के घर पहुंचे, जहां परिजनों से मिलकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं । परिवार की बच्ची अपने आंसू नहीं रोक सकी, जिस पर सीएम ने उसे सांत्वना दी। इसके बाद वे रियाज हुसैन के घर भी पहुंचे, जो इस हादसे में बाल- बाल बचे । रियाज ने बताया कि वे कई घंटे तक क्रूज में फंसे रहे और उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वे बच पाएंगे।सीएम यादव ने कहा कि इस दुखद घटना से पूरा प्रदेश स्तब्ध है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और किसी को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। साथ ही प्रधानमंत्री की ओर से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद का भी जिक्र किया। इसके अलावा, हादसे के दौरान लोगों की जान बचाने वाले स्थानीय नागरिकों को 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा की गई। घटना वाले स्थल के पास ही जल जीवन मिशन का काम चल रहा था। इसलिए इस काम में लगी हुई टीम भी लोगों की मदद करने पहुंची ।
बच्चों के सिर पर सांत्वना का हाथ:
क्रूज हादसे में मृत नीतू सोनी के निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्हें देखकर परिवार की बेटी अपने आंसू नहीं रोक सकी। ये देख प्रदेश के सीएम भी भावुक हो गए और उसके सिर पर हाथ रखकर सांत्वना दी। इस बीच उन्होंने दो छोटे बच्चों को भी गले लगाकर दुख बांटा।
हादसे की उच्च स्तरीय जांच:
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इस घटना की जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति बना रहे हैं। समिति में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा के महानिदेशक, सचिव मध्यप्रदेश शासन, जबलपुर संभाग के आयुक्त होंगे। यह समिति तीन बिंदुओं पर जांच करेगी। इन बिंदुओं में पहला बिंदु दुर्घटना के कारणों की शुरुआत से जांच करना, दूसरा बिंदु परिस्थितियों को प्रतिपादित करना, तीसरा बिंदु दुर्घटना के वक्त प्रोटोकॉल का पालन हुआ या नहीं हुआ, शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार नौका पर्यटन, क्रूज पर्यटन, एडवेंचर स्पोट्र्स सहित सभी तरह की गतिविधियों के लिए एसओपी तैयार करेंगे। ताकि, भविष्य में ऐसी दुर्घटना न हो।
क्रूज हादसे में पायलट समेत 3 बर्खास्त:
मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम करीब 5 बजे पर्यटन विभाग का एक क्रूज अचानक आई तेज आंधी के चलते डूब गया। अब तक 9 शव मिल चुके हैं। प्रशासन के मुताबिक, 28 लोगों को बचा लिया गया है। तीन बच्चों सहित 4 लोग लापता हैं। शुक्रवार शाम तक लापता लोगों का पता नहीं चल सका। रेस्क्यू के दौरान वहां तेज बारिश भी होने लगी। इसके बाद सर्चिंग रोक दी गई है। शनिवार सुबह 5 बजे से एक बार फिर सर्चिंग की जाएगी। इधर, जबलपुर के बरगी जलाशय में हुए दुखद क्रूज हादसे के बाद प्रशासन ने लापरवाही के मामले में कड़ा कदम उठाया है। क्रूज पायलट महेश पटेल, हेल्पर छोटेलाल गोंड और टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं।




