एक दिन 24 शिकायत, समस्या हल नहीं, बिना मौके पर आए ही आते रह समस्या सुलझने के मैसेज

0

गुना (मध्य स्वर्णिम): बिजली कंपनी की लापरवाही उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है। कंपनी की हेल्पलाइन और उपाय एप महज शोपीस बनकर रह गए हैं । कर्नलगंज क्षेत्र में बिजली कंपनी के गैर- जिम्मेदाराना रवैये का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक उपभोक्ता को अपनी समस्या सुलझाने के लिए सुबह से रात तक 24 बार शिकायत दर्ज करानी पड़ी। कर्नलगंज क्षेत्र के एक उपभोक्ता लो- वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे थे । उन्होंने सबसे पहले उपाय एप के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज की। कुछ ही देर में मोबाइल पर शिकायत नंबर तो जनरेट हुआ, लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि बिना किसी सुधार कार्य या अमले के पहुंचे ही कंपनी ने बिजली दुरुस्ती का मैसेज भेजकर शिकायत को बंद कर दिया । उपभोक्ता ने हार नहीं मानी और एक के बाद एक शिकायतें करना शुरू किया। आलम यह रहा कि सुबह से रात 10 बजे तक उपभोक्ता को करीब दो दर्जन बार शिकायती प्रक्रिया दोहरानी पड़ी हद तो तब हो गई जब मेंटेनेंस टीम के नाम पर उपभोक्ता को बार-बार फोन आते रहे। टीम के सदस्य एड्रेस पूछते रहे, लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा ।