‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने गिनाए सिविल न्यूक्लियर प्रोग्राम के फायदे

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 133वें एपिसोड में देश के सिविल न्यूक्लियर प्रोग्राम की अहमियत को रेखांकित किया । उन्होंने कहा कि भारत ने विज्ञान को हमेशा राष्ट्र निर्माण और प्रगति से जोड़ा है, और इसी सोच के साथ परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है। मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सिविल न्यूक्लियर प्रोग्राम का असर सिर्फ ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका लाभ औद्योगिक विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि क्षेत्र तक पहुंचा है। उन्होंने बताया कि खेती-किसानी से लेकर आधुनिक इनोवेशन तक, इस कार्यक्रम ने कई क्षेत्रों में नई संभावनाएं खोली हैं। अपने संबोधन में उन्होंने तमिलनाडु के कलपक्कम स्थित फास्ट ब्रीडर रिएक्टर की हालिया उपलब्धि का विशेष उल्लेख किया। पीएम मोदी ने कहा कि इस रिएक्टर ने ‘क्रिटिकैलिटी’ हासिल कर ली है, जो परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण चरण होता है। यह वह अवस्था है, जब रिएक्टर पहली बार स्व-स्थायी नाभिकीय श्रृंखला श्रृंखला अभिक्रिया को सफलतापूर्वक संचालित करता है और ऑपरेशन के चरण में प्रवेश करता है। पीएम मोदी ने ब्रीडर रिएक्टर की विशेषता बताते हुए कहा कि यह तकनीक ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ भविष्य के लिए ईंधन भी तैयार करती है ।

प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात को बिठा दिया है देशवासियों के मन में : मुख्यमंत्री
डॉ. यादव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण का भोपाल के वीआईपी रोड स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में जनप्रतिनिधियों के साथ श्रवण किया। इस अवसर पर आमजन भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के करोड़ों नागरिकों को जोडऩे वाला एक सशक्त संवाद मंच है। इसके जरिए प्रधानमंत्री मोदी समाज के विभिन्न वर्गों की प्रेरक कहानियों, नवाचारों और सकारात्मक प्रयासों को सामने लाते हैं, जिससे आमजन को नई दिशा और प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कर कार्यक्रम को पूरे देशवासियों के मन में बिठा दिया है। उन्होंने देश को नवाचार की नई दृष्टि दी है। ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को सशक्त करते हैं। मन की बात में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि इन दिनों हमारे देश में एक बहुत ही अहम अभियान चल रहा है, जिसके बारे में हर भारतीय को जानकारी होनी जरूरी है। ये है जनगणना का अभियान, यह दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना है।