‘नवीन’ हाथ पकड़ राघव ने छोड़ा ‘आप’ का साथ

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): आम आदमी पार्टी नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्डा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए। राघव चड्ढा ने यह भी दावा किया कि आम आदमी के चार अन्य राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह, राजेंदर गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल भी बीजेपी में शामिल होंगे । असल में, 24 अप्रैल को आम आदमी पार्टी को एक बड़ा झटका लगा, जब राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल समेत उसके सात राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़ दी। दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राघव चड्ढा ने – जिनके साथ पाठक और मित्तल भी मौजूद थे कहा कि आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई राज्यसभा सांसदों ने पार्टी छोड़ दी है और वे एक गुट के तौर पर बीजेपी में शामिल होंगे। राघव चड्ढा ने कहा कि पार्टी के सांसद हरभजन सिंह और स्वाति मालीवाल भी AAP छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, AAP, जिसे मैंने अपने खून- पसीने से सींचा और जिसे मैंने अपनी पसीने से सींचा और जिसे मैंने अपनी जवानी के 15 साल दिए, वह अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल नैतिकता से पूरी तरह भटक गई है । संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते संदीप पाठक ने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने जा रहे हैं।

पहले हुए करीब, अब दूर हो गए:
राघव और केजरीवाल के बीच की दूरियां साल 2024 से ही बढऩे लगी थीं, जब केजरीवाल की गिरफ्तारी हुई और राघव लंदन में थे। उस वक्त राघव ने केजरीवाल के लिए सोशल मीडिया के जरिए भी कोई पोस्ट नहीं किया और न ही पार्टी के साथ दिखाई दिए।पार्टी के दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 हारने के बाद से तो जैसे राघव ने पार्टी से एक अनकही दूरी बना ली। वह सदन में जाते आम लोगों के मुद्दे उठाते लेकिन पार्टी में हुई तमाम गिरफ्तारियों, केजरीवाल-सिसोदिया समेत 21 आरोपियों के शराब घोटाला केस में बरी होने के बाद भी उन्होंने एक पोस्ट तक नहीं किया।इन सबके बाद आम आदमी पार्टी ने बड़ा फैसला लेते हुए राघव को इसी 2 अप्रैल को राघव को डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया। इसके बाद राघव ने अपने साथ 6 अन्य सांसदों संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत साहनी को अपने साथ लिया और आज पार्टी छोड़ दी।दो- तिहाई सांसदों को साथ लेकर 24 अप्रैल को सुबह ही राघव चड्ढा ने राज्यसभा सचिवालय में पार्टी छोडऩे का पत्र और नया गुट बनाते हुए भाजपा में शामिल होने की सूचना दे दी थी। इसके साथ ही राघव व अन्य आप नेता आज शाम भाजपा में शामिल हो गए।