भोपाल (मध्य स्वर्णिम): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को मुरैना व भिण्ड एवं मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने मुरैना में जिला प्रतिनिधि बैठक, वरिष्ठ जन बैठक, छोटी टोली की बैठक एवं जिला बैठक को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि हमारी पार्टी ने अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। इसलिए भाजपा अन्य सभी दूसरे दलों से अलग है। भाजपा आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कार्य कर रही है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम से ही भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है। मुरैना में हरि गिरी महाराज की ख्याति प्रदेशभर में फैली हुई है। उन्होंने कुरीतियों को समाप्त करने तथा लाखों लोगों को नशे से दूर करने का कार्य किया। काकोरी कांड के महान क्रांतिकारी स्वर्गीय रामप्रसाद बिस्मिल के बिना मुरैना का इतिहास अधूरा है। मुरैना की धरती अपनी संघर्षशील पहचान के लिए जानी जाती है। यहां भाजपा संगठन को मजबूत करने में मुंशीलाल जी, छविराम जी, मेहर सिंह जी जैसे कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रेरणा से देश निरंतर प्रगति कर रहा है। सरकार के उल्लेखनीय कार्यों को जनता तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियां को जनता तक पहुंचाना है। प्रदेश की जनता को भाजपा संगठन और सरकार हर समाज वर्ग के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है यह भी बताना है। पार्टी कार्यकर्ता भाजपा की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां जनता को बताकर गांव-गांव तक संगठन को और मजबूत बनाएं।
पार्टी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि आमजन से निरंतर जुड़ाव बनाए रखें:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए नई व्यवस्था के तहत आगामी समय में विधायक, मंत्री और सांसदों के कार्यालयों में उनके मिलने के दिन निर्धारित किए जाएंगे, ताकि कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच दूरी कम हो और संवाद बेहतर हो सके। पार्टी स्थापना दिवस के बाद गांव- बस्ती चलो अभियान चलाया जा रहा है। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आने वाले विधानसभा-सत्र में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव लाया जाएगा, जिससे उन्हें संसद और विधानसभा में उचित प्रतिनिधित्व मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार समाज के हर वर्ग को बराबरी से आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। भाजपा के नेतृत्व में देश के नागरिकों का भविष्य सुरक्षित रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय रूप से काम करें।




