नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस सलमान से बात की है। दोनों नेताओं के बीच में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और होर्मुज स्ट्रेट के संकट को लेकर बात हुई। पीएम मोदी ने बताया कि भारत ने एक बार फिर से पश्चिम एशिया में ऊर्जा ठिकानों पर हो रहे हमलों की निंदा की। इसके अलावा तनाव कम करने और कूटनीति के जरिए मुद्दे सुलझाने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने सऊदी अरब क्राउन प्रिंस के साथ हुई इस बातचीत की जानकारी सोशल मीडिया साइट के जरिए दी। उन्होंने लिखा, मैंने क्षेत्रीय ऊर्जा संरचना पर हमलों पर भारत की निंदा को एक बार फिर से दोहराया है। हम इस बात पर सहमत हुए हैं कि समुद्री परिवहन की स्वतंत्रता को सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा समुद्री रास्तों को खुला और सुरक्षित रखा जाए। इसके अलावा पीएम मोदी ने सऊदी अरब में मौजूद भारतीय लोगों का ध्यान रखने के लिए क्राउन प्रिंस का धन्यवाद भी किया। उन्होंने लिखा, सऊदी अरब में मौजूद भारतीय समुदाय के कल्याण के लिए और उनके निरंतर समर्थन के लिए मैंने उनका धन्यवाद किया। बता दें, कि 28 फरवरी से शुरू हुए ईरान, अमेरिका और इजरायल के युद्ध के बाद पीएम मोदी की सऊदी क्राउन प्रिंस से यह तीसरी मुलाकात है। पीएम मोदी संसद में भी इस बात का जिक्र कर चुके हैं कि वह लगातार पश्चिम एशिया के तमाम देशों के नेताओं के साथ संपर्क में हैं। इसके अलावा वह भारत की ऊर्जा जरूरतों और इन देशों में मौजूद भारतीयों की सुरक्षा पर नजर बनाए हुए हैं। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा सऊदी अरब से आयात करता है।




