अब 45 दिन में मिलेगा एलपीजी सिलेंडर

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी ईरान-अमेरिका युद्ध के हालातों का सीधा असर अब आम आदमी की रसोई तक पहुंच गया है। राजधानी समेत पूरे प्रदेश में पेट्रोल-डीजल के साथ रसोई गैस की भारी किल्लत देखी जा रही है। प्रशासन भले ही व्यवस्थाएं सुचारु होने का दावा कर रहा हो, लेकिन गैस एजेंसियों पर लगी उपभोक्ताओं की लंबी कतारें स्थिति की गंभीरता बयां कर रही हैं। उधर, नया नियम लागू होने के बाद अब उपभोक्ताओं को 45 दिन में केवल एक बार ही गैस सिलेंडर मिल सकेगा, जबकि पहले यह अवधि 25 दिन की थी। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि ऑनलाइन सिस्टम अब 45 दिन बाद ही अगली रिफिलिंग की तारीख तय कर रहा है। इस आदेश से आम लोग बेहद परेशान हैं और घंटों कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। पूर्व में घर बैठे आसानी से मिलने वाले सिलेंडर के लिए अब उपभोक्ताओं को भारी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।