भोपाल (मध्य स्वर्णिम): राजधानी भोपाल में ईद-उल- फितर इस बार उत्साह, आस्था और विरोध-तीनों के साथ मनाई गई। एक ओर ईदगाह और मस्जिदों में हजारों लोगों ने नमाज अदा कर भाईचारे का संदेश दिया, वहीं शिया समुदाय ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया और अमेरिका- इजराइल के खिलाफ नारे लगाए। रमजान के 30 रोजे पूरे होने के बाद शनिवार सुबह 7:30 बजे ईदगाह से नमाज का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद जामा मस्जिद (7:45), ताज-उल मसाजिद (8:00) और मोती मस्जिद (8:15) में नमाज अदा की गई। भीड़ इतनी ज्यादा रही कि कई जगह मस्जिदों में जगह कम पड़ गई और लोगों को सड़कों पर नमाज पढ़नी पड़ी। पूरे शहर में हजारों नमाजियों की मौजूदगी रही।
शिया समुदाय का विरोध, काली पट्टी बांधकर नमाज:
ईद के मौके पर शिया समुदाय ने विरोध का अलग तरीका अपनाया। लोग काली पट्टी बांधकर नमाज के लिए पहुंचे और कई ने पुराने कपड़े पहनकर इबादत की। नमाज के बाद अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारे लगाए गए। साथ ही ईरान की जीत के लिए दुआएं की गईं। नमाज के दौरान अयातुल्ला अली खामेनेई की तस्वीरें भी नजर आईं। शिया समुदाय के लोगों का कहना था कि इजराइल-अमेरिका के हमले में खामेनेई की शहादत हुई है, इसलिए इसे गम का समय मानते हुए नए कपड़े नहीं पहने गए और न ही कोई खास पकवान या मिठाई बनाई गई।




