नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने वैश्विक स्तर पर कूटनीतिक संपर्क तेज कर दिए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह समय सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए परीक्षा का है। उन्होंने बताया कि भारत के नेता विभिन्न देशों के अपने समकक्षों के साथ लगातार संपर्क में हैं। सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और शांति व स्थिरता के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत के शीर्ष नेता लगातार विभिन्न देशों के नेताओं के संपर्क में हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कुवैत के क्राउन प्रिंस के बीच बातचीत हुई, जिसमें क्षेत्रीय हालात पर चिंता जताई गई। भारत ने कूटनीति के जरिए हालात को संभालने और अपने हितों की रक्षा करने की दिशा में काम जारी रखा है। भारत ने पाकिस्तान और होर्मुज क्षेत्र को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान का परमाणु प्रसार का पुराना गुप्त रिकॉर्ड दुनिया के लिए खतरा है। हाल ही में अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में भी पाकिस्तान को बड़े परमाणु खतरों में शामिल किया गया है। भारत ने कहा कि ऐसे बयान पाकिस्तान की गतिविधियों को लेकर पहले से मौजूद चिंताओं को और मजबूत करते हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान के अफगानिस्तान में किए गए हवाई हमलों की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि नागरिक ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है और इससे आम लोगों को भारी नुकसान हुआ है। भारत ने काबुल के अस्पताल पर हमले को कायराना बताते हुए इसकी अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग की है।




