ईरान से चल रहे युद्ध के बीच ट्रंप को झटका, अमेरिकी आतंकरोधी एजेंसी के प्रमुख का इस्तीफा

0

वॉशिंगटन (मध्य स्वर्णिम): अमेरिका में ईरान के साथ चल रहे युद्ध को लेकर ट्रंप प्रशासन को बड़ा झटका लगा है। अमेरिका के नेशनल काउंटरटेररिज्म सेंटर के निदेशक जो केंट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि वह ट्रंप प्रशासन की ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का समर्थन नहीं कर सकते। केंट ने साफ कहा कि वह इस युद्ध के साथ अपनी अंतरात्मा के अनुसार खड़े नहीं रह सकते, इसलिए उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया। जो केंट ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा कि ईरान से अमेरिका को कोई तत्काल खतरा नहीं था। उनके मुताबिक यह युद्ध अमेरिका ने अपनी सुरक्षा की वजह से नहीं बल्कि इस्राइल और अमेरिका में उसके प्रभावशाली लॉबी के दबाव में शुरू किया है। केंट ने कहा कि वह ऐसी नीति का समर्थन नहीं कर सकते जिसमें बिना स्पष्ट खतरे के युद्ध छेड़ा जाए। जो केंट ने कहा कि ईरान ने अमेरिका के लिए कोई तत्काल या प्रत्यक्ष खतरा पैदा नहीं किया था। उनके मुताबिक हालात ऐसे नहीं थे कि युद्ध की जरूरत पड़ती। उन्होंने कहा कि मौजूदा संघर्ष में अमेरिका की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। केंट ने यह भी कहा कि युद्ध का फैसला दबाव और राजनीतिक परिस्थितियों के कारण लिया गया। जो केंट अमेरिका के नेशनल काउंटरटेररिज्म सेंटर के निदेशक थे। इस एजेंसी की जिम्मेदारी दुनिया भर में आतंकवादी खतरों का विश्लेषण करना और उनसे निपटने की रणनीति बनाना होती है। केंट को जुलाई में सीनेट में 52-44 वोट से इस पद के लिए मंजूरी मिली थी। इससे पहले वह राजनीति में भी सक्रिय रहे और वॉशिंगटन राज्य से कांग्रेस चुनाव भी लड़ चुके हैं। जो केंट का लंबा सैन्य और खुफिया अनुभव रहा है।