ग्वालियर-चंबल में बादल छाए, 1.7 डिग्री तक लुढ़का पारा, 12 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के असर से मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल हिस्से में बादल छाए रहे। इससे तापमान में 1.7 डिग्री तक की गिरावट हुई। मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर में रविवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री, दतिया में 32.4 डिग्री, छिंदवाड़ा में 36 डिग्री, सिवनी में 35.6 डिग्री, मंडला में 37.2 डिग्री, बालाघाट में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इन जिलों में मौसम में बदलाव होने की बात कही थी। शाम तक बारिश तो दर्ज नहीं की गई, लेकिन बादल जरूर छाए रहे। इस वजह से पारे में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, पिछले 3 दिन से तीव्र लू के प्रभाव वाले नर्मदापुरम में पारा लुढ़ककर 38.9 डिग्री पर आ गया।

8 तक आंधी-बारिश का दौर रहेगा:
5 बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 36.4 डिग्री, इंदौर में 35.5 डिग्री, ग्वालियर में 32.6 डिग्री, उज्जैन में 35.5 डिग्री और जबलपुर में तापमान 35.7 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 18 मार्च तक आंधी-बारिश का दौर बना रहेगा। यानी, इस साल मार्च में पहली बार मावठा गिरेगा। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) और टर्फ की वजह से प्रदेश में मौसम बदलेगा। 17 मार्च को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।