भोपाल (मध्य स्वर्णिम): ईरान-इस्त्राइल के बीच चल रहे युद्ध और उससे जुड़ी अफवाहों का असर अब राजधानी भोपाल में भी दिखाई देने लगा है। एलपीजी गैस की सप्लाई प्रभावित होने की चर्चा के बीच गुरुवार को शहर की कई गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लग गईं। हालात ऐसे रहे कि गैस लेने के लिए पुलिसकर्मी भी लाइन में खड़े नजर आए। राजधानी के 23वीं बटालियन क्षेत्र स्थित भारत गैस एजेंसी पर सुबह से ही गैस सिलिंडर लेने वालों की भीड़ लग गई। लोग घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण एजेंसी का सर्वर भी बार-बार ठप पड़ता रहा, जिससे वितरण की प्रक्रिया प्रभावित हुई। फिलहाल कमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर लगभग रोक दी गई है। हालांकि घरेलू गैस सिलिंडर की सप्लाई पर किसी प्रकार की रोक नहीं है, लेकिन संभावित कमी की आशंका के चलते लोग पहले से ही गैस लेने पहुंच रहे हैं। गैस एजेंसी पर लाइन में लगे पुलिसकर्मियों ने बताया कि ड्यूटी के साथ-साथ घर की जरूरत के लिए सिलिंडर की व्यवस्था भी करनी पड़ रही है। कई लोगों ने कहा कि उनके घर में अभी गैस मौजूद है, लेकिन आगे की परेशानी से बचने के लिए पहले ही सिलिंडर लेने आए हैं।
गैस की ऑनलाइन बुकिंग बंद होने से उपभोक्ता परेशान:
मध्य प्रदेश में कमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई पर रोक के बीच घरेलू सिलिंडर के लिए भी लोग परेशान होने लगे हैं। ऑनलाइन बुकिंग बंद होने से उपभोक्ता परेशान होकर एजेंसी पहुंच रहे हैं। गैस एजेंसियों का कहना है कि बुकिंग सिस्टम का सर्वर डाउन होने के कारण ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। यहीं नहीं बुकिंग होने के बावजूद कई उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में कई जगह लोगों और एजेंसियों के कर्मचारियों के बीच बहस की स्थिति भी बन रही हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि गैस सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त संख्या में गैस सिलिंडर उपलब्ध हैं। इसके उलट जमीनी स्थिति अलग दिखाई दे रही हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि उनकी बुकिंग कई दिनों पहले होने के बावजूद उनको सिलिंडर नहीं मिल रहा।




