शारदा मेले में वीआईपी दर्शन पर रोक

0

मैहर (मध्य स्वर्णिम): चैत्र नवरात्रि के अवसर पर लगने वाले प्रसिद्ध शारदा मेले को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मां शारदा देवी मंदिर में हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में इस बार सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त फैसले लिए गए हैं। मैहर में आयोजित समीक्षा बैठक में यह तय किया गया कि मेले के दौरान इस बार भी वीआईपी दर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। प्रशासन का मानना है कि वीआईपी व्यवस्था समाप्त रहने से आम श्रद्धालुओं को बिना भेदभाव के सुगमता से दर्शन मिल सकेंगे। इसके अलावा मंदिर के गर्भगृह में भी श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक रहेगी और दर्शन निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही कराए जाएंगे । मेला व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर रानी बाटड और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह की मौजूदगी में कलेक्टर कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान, भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य सुविधाएं और श्रद्धालुओं की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। एसडीएम ने बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। पूरे मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने साफ किया है कि मेले के दौरान कोई भी व्यक्ति अस्त्र-शस्त्र लेकर मेला क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेगा। सुरक्षा जांच के बाद ही श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा।

रोपवे के सुचारू संचालन पर जोर:
बैठक में मंदिर प्रबंधन और रोपवे संचालन से जुड़े अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। रोपवे के सुचारू संचालन और श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन और मंदिर समिति के बीच समन्वय से काम करने पर जोर दिया गया। प्रशासन का उद्देश्य है कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम तरीके से मां शारदा के दर्शन कराए जा सकें। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।