अमरावती (मध्य स्वर्णिम): आंध्र प्रदेश के काकिनाडा जिले में शनिवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट के बाद लगी भीषण आग में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ‘सूर्या श्री फायर वर्ड्स’ नामक यूनिट में हुआ, जहां घटना के समय करीब 20 मजदूर काम कर रहे थे। मीडिया को जानकारी देते हुए जिला कलेक्टर एवं मजिस्ट्रेट सगिलि शन मोहन ने मौतों की पुष्टि की है। अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कुछ शव आसपास के खेतों में जा गिरे। मरने वालों में अधिकांश महिलाएं बताई जा रही हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक तेज धमाके के बाद यूनिट में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया। स्थानीय दमकल दल और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।




