शहडोल: पंडित शंभू नाथ विश्व विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल छात्रों को बासी और दूषित भोजन परोसे जाने का मामला सामने आया। गरिमामय आयोजन के बीच भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों में भारी नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने विरोध स्वरूप खाने के डिब्बे फेंककर अपनी आपत्ति दर्ज कराई, फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कैटर्स के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल को भी शामिल होना था, लेकिन हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी के चलते उनका दौरा निरस्त हो गया और वे समारोह में शामिल नहीं हो सके, हालांकि, समारोह तो संपन्न हुआ, लेकिन दूषित भोजन के मामले ने पूरे आयोजन की गरिमा पर सवालिया निशान लगा दिया है। छात्रों का आरोप है कि भोजन न केवल ठंडा था, बल्कि उसमें से दुर्गंध भी आ रही थी, जिससे कई छात्र असहज हो गए, दीक्षांत जैसे गरिमामय अवसर पर ऐसी अव्यवस्था ने विश्वविद्यालय प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया, कुलगुरु (कुलपति) रामशंकर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ओम सांई कैटर्स के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच और लीपापोती में जुटा है और छात्रों की नाराजगी को देखते हुए जल्द ठोस कदम उठाने की बात कही जा रही है। पंडित शंभूनाथ विश्वविद्यालय के कुलगुरु (कुलपति) रामशंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि ओम सांई कैटर्स ने बदमाशी की है, इसकी इंक्वायरी कर पनिश किया जाएगा, इसको किसी प्रकार का कोई भुगतान नहीं किया जाएगा।




