बुरहानपुर में होगी एग्रीकल्चर बेस्ड रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव : मुख्यमंत्री

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश का चहुंमुखी विकास ही सरकार का एकमात्र लक्ष्य है। आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में हर नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सबको साथ और विश्वास में लेकर हम ऐसे नये मध्यप्रदेश का निर्माण करेंगे, जहां विकास केवल अवसर नहीं, यहां के हरेक नागरिक का अधिकार होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को बुरहानपुर में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक से 696 करोड़ 37 लाख रुपये लागत के 80 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण कर बुरहानपुर जिले के समग्र विकास को नई गति दी। उन्होंने कहा कि आज जिन कार्यों की सौगातें मिली हैं, ये जिले को आधुनिक, विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुरहानपुर में नर्मदेश्वर अखंड शिवलिंग की पूजा- अर्चना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। विकास का प्रकाश प्रदेश के हर कोने, हर गली- मोहल्ले तक पहुंचे, इसी मूल संकल्प के साथ हमारी सरकार सबको साथ और विश्वास में लेकर आगे बढ़ रही है। सरकार अधोसंरचनात्मक और जनकल्याणकारी कार्यों को प्राथमिकता देकर प्रदेश के विकास की गति में निरंतर तेजी ला रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुरहानपुर का विकास हमारी प्रार्थामकता में है। हमने इस जिले को विकसित और समृद्ध बनाने का संकल्प लिया है, जिले की जनता की भागीदारी से हम इसे सिद्ध करेंगे, आने वाला समय इसका साक्षी बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुरहानपुर के नेहरू स्टेडियम में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कृषि, उद्यानिकी एवं अन्य विभागों की 2 वर्ष की उपलब्धियों और भावी विकास योजनाओं पर आधारित विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ कर विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन भी किया।

‘बुनकरों का शहर’ है बुरहानपुर:
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम आज ही लाड़ली बहना योजना की 33वीं किश्त प्रदेश की सवा करोड से अधिक बहनों के खाते में अंतरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृषि से लेकर कपड़ा निर्माण तक, दवा से लेकर फर्नीचर उद्योग तक, पाइप निर्माण से लेकर कृषि उपकरण निर्माण तक बुरहानपुर का जवाब नहीं। यह जिला पावरलूम उद्योग का प्रमुख केन्द्र है और कपड़ा उत्पादन के कारण ‘बुनकरों के शहर’ के रूप में बुरहानपुर के नाम से विख्यात है। उन्होंने कहा कि कपड़ा उद्योग की बढ़ती मांग के कारण यहां कपास की खेती भी बड़े पैमाने पर की जाती है। यह खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ उद्योगों को भी मजबूती देती है। यहां का केला उत्पादन, फसल विविधता और परिश्रमी किसान, यही हमारे कृषक कल्याण वर्ष की असली ताकत हैं।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं:
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुरहानपुर में मिनी एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की। उन्होंने बुरहानपुर में केला उत्पादक किसानों के हित में वैल्यू एडिशन, भण्डारण एवं प्रसंस्करण के लिए इकाई स्थापित करने, बुरहानपुर में कृषि आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में नगर परिषद शाहपुर को परीक्षण उपरांत नगर पालिका का दर्जा दिया जाएगा। बुरहानपुर में वारकरी समुदाय का कीर्तन केंद्र बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हॉर्टीकल्चर सब्जेक्ट अब प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में पढ़ाया जाएगा। उन्होंने खामनी से दही हांडी तक खामनी से रायगांव एवं शाहपुर से सुखपुरी तक सड़क बनाने की घोषणा भी की।

ताप्ती ग्राउंड वॉटर मेगा रिचार्ज परियोजना से लहलहाएगी बुरहानपुर की धरती:
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां ताप्ती और नर्मदा मैया के आशीर्वाद से मालवा-निमाड़ का पूरा क्षेत्र आनंदित है। प्रदेश में सरदार सरोवर जैसे बांध बनाने की श्रृंखला शुरू हुई है। हमारे किसान ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहे हैं। मध्यप्रदेश के किसान नदी जोड़ो अभियान से लाभान्वित हो रहे हैं। प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का निरन्तर विस्तार हो रहा है। ताप्ती ग्राउंड वॉटर मेगा रिचार्ज परियोजना पूरी होने के बाद बुरहानपुर की धरती और भी लहलहाएगी। उन्होंने कहा कि धार में देश का पहला पीएम मित्र पार्क निर्मित हो रहा है, इससे कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। बुरहानपुर में कपास और केला फसल आधारित प्रसंस्करण उद्योग स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के बेटे-बेटियों के उज्जवल भविष्य के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से सामूहिक विवाह को प्रोत्साहन देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि उन्होंने स्वयं अपने पुत्र का विवाह सामूहिक विवाह समारोह में किया। जल संसाधन एवं बुरहानपुर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास और विकसित भारत के संकल्प की पूर्ति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित किया है। इसकी सौगातों की शुरुआत बुरहानपुर से हो रही है। यहां 922.51 करोड़ रुपए की बड़ी सिंचाई परियोजना से 17700 हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा मिलेगी।