नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि लोकसभा स्पीकर विपक्ष के नेता को बोलने का मौका नहीं देते हैं। दूसरे जिस तरह उन्होंने कथित तौर पर प्रधानमंत्री पर संसद में विपक्षी सदस्यों द्वारा हमले की आशंका जाहिर की, उससे भी विपक्ष नाराज है। ऐसे में सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, विपक्ष लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए एक प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहा है। सूत्रों ने बताया कि सदन में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने की इजाजत नहीं देने के लिए संविधान के अनुच्छेद 94-सी के तहत यह प्रस्ताव लाया जा सकता है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे की सदन में की गई टिप्पणियों के खिलाफ उन पर कार्रवाई शुरू नहीं करने और कांग्रेस की महिला सांसदों पर बिना साक्ष्यों के आरोप लगाने के मामले में भी अध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव के लिए नोटिस देने पर विचार किया जा रहा है। सूत्रों ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही लोकसभा में एक वैधानिक प्रस्ताव लाया जा सकता है। विपक्ष अनुच्छेद 94(c) के तहत प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है। यह पूरी तरह एक संवैधानिक प्रक्रिया है, जो सिर्फ लोकसभा स्पीकर को उनके पद से हटाने से जुड़ी होती है। संविधान के अनुच्छेद 94 (इ) में साफ लिखा है कि लोकसभा स्पीकर को उनके पद से हटाया जा सकता है, लेकिन इसके लिए कुछ जरूरी नियमों का पालन करना होता है।




