नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई से जुड़े कथित ‘पाकिस्तान कनेक्शन’ मामले को लेकर असम सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। असम कैबिनेट ने इस पूरे मामले को केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय को सौंपने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है और कैबिनेट ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए केंद्र को भेजने की सिफारिश की है। मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि एसआईटी का गठन पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख की कथित भारत विरोधी साजिश की जांच के लिए किया गया था। जांच में एक सांसद और एक ब्रिटिश नागरिक के साथ कथित संपर्क और मिलीभगत के बिंदु सामने आए हैं। इसी कारण एसआईटी की रिपोर्ट और इस मामले में दर्ज एफआईआर को गृह मंत्रालय को भेजा जाएगा।




