नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): भारतीय टीम ने अंडर-19 विश्व कप में अपना दबदबा बरकरार रखा है। इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ भारतीय टीम ने तीनों विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन किया और छठी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। भारत ने शुक्रवार को अंडर-19 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर छठा खिताब अपने नाम किया। भारतीय टीम अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा बार ट्रॉफी (6) जीतने वाली एकमात्र टीम है। भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया ने 4 बार खिताब अपने नाम किया है। युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के 175 रन की बदौलत भारत ने शुक्रवार को फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर रिकॉर्ड छठी बार आईसीसी अंडर-19 विश्व कप खिताब जीता। भारत ने इससे पहले 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में ट्रॉफी जीती थी। यह टूर्नामेंट के इतिहास में भारत के दबदबे को दिखाता है। चौदह वर्षीय सूर्यवंशी ने सिर्फ 80 गेंद में शानदार 175 रन बनाए। उन्होंने अंडर-19 क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया और यह मुकाम 71 गेंदों में हासिल किया। इससे भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 411 रन का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और कालेब फाल्कनर के 115 रन की शतकीय पारी के बावजूद आखिरकार 311 रन पर ऑल आउट हो गया। पूरे 19 वर्ल्ड कप में शतक लगाने से वंचित रहने वाले इस वैभव सूर्यवंशी ने इसके लिए मौका चुना भी तो इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल को। सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन ठोक डाले। 15 चौके और इतने ही छक्के। 218.75 का स्ट्राइक रेट ।




