नई दिल्ली: भारत अमेरिका के बीच टैरिफ तनाव अब लगभग खत्म हो गया है । हालाँकि ऐसा भी वक्त था, जब इसे लेकर दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुँच गया था और भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने अपने अमेरिका दौरे पर अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो को खरी- खरी सुना दी थी । मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अजीत डोभाल ने रूबियो से कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों से भारत डरने वाला नहीं है । डोभाल ने ये भी कहा कि अगर ट्रंप टैरिफ विवाद पर नहीं मानते हैं तो हम ट्रंप का कार्यकाल खत्म होने का इंतजार करेंगे । रिपोर्ट्स के अनुसार, अजीत डोभाल ने अमेरिकी विदेश मंत्री से ये भी कहा कि अमेरिकी प्रशासन को सार्वजनिक आलोचना से बचना चाहिए ताकि दोनों देशों के रिश्तों को फिर से ट्रैक पर लाया जा सके । दोनों की मुलाकात बीते साल सितंबर में हुई थी । इस मुलाकात से पहले ही पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की थी ।




