नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात के बाद शशि थरूर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि दोनों नेताओं से उनकी बातचीत बहुत अच्छी, रचनात्मक, सकारात्मक चचें रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में सब कुछ ठीक है, हम सभी एक साथ आगे बढ़ रहे हैं। शशि थरूर ने दोनों नेताओं से मिलने का समय माँगा था। वह गुरुवार को संसद भवन स्थित मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यालय में दोनों नेताओं से मिले। उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी से इनकार करते हुए कहा कि यह उनके लिए कभी मुद्दा नहीं रहा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी ने शशि थरूर से कहा कि कांग्रेस पार्टी को उनकी जरूरत है। इस दौरान राहुल गांधी ने उन्हें यह भी आश्वासन दिया कि केरल कांग्रेस के सभी प्रमुख फैसलों से पहले उन्हें विश्वास में लिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी के सूत्र ने बताया कि मीटिंग में ज्यादातर बात राहुल गांधी ने ही की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस को थरूर की जरूरत है और वह केरल चुनाव में यूडीएफ के लिए प्रचार करें। उन्होंने शशि थरूर को विश्वास दिलाया है कि केरल में पार्टी के सभी बड़े फैसलों के बारे में थरूर को जानकारी दी जाएगी। राहुल ने उनसे कहा कि कांग्रेस को मिलकर काम करना है और केरल जीतना है। ऑपरेशन सिंधु के दौरान ही कांग्रेस और शशि थरूर के बीच की दूरियां बढ़ गई थीं।




