मप्र सबसे तेज गति से विकास करने वाला राज्य

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारा मध्यप्रदेश विकास के नए-नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। आज मध्यप्रदेश की गिनती देश में सबसे तेज गति से विकास करने वाले राज्यों में हो रही है। यही मध्यप्रदेश का अभिस्प है। एक हालिया राष्ट्रीय सर्वे में सामने आया है कि मध्यप्रदेश में बेरोजगारी दर सबसे कम है। ऐसा इसलिए क्योंकि हम गरीबों, जरूरतमंदों, किसानों, युवाओं महिलाओं और सभी वर्गों को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बीते एक साल में 7.50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आये । श्रद्धालुओं की यह तादाद तेजी से बढ़ रही है। सिंहस्थ आने वाला है, इसलिए दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक मेले के लिए उज्जैन भी पूरी तत्परता और तेजी से तैयार हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव उज्जैन शहर में हरि फाटक पुल के चौड़ीकरण के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे । मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में हरि फाटक पुल तक 371.11 करोड़ रुपए की लागत से 6 लेन रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण, उज्जैन शहर में 389.67 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न श्रेणी के निर्माण सहित कुल 760.78 करोड़ रुपए लागत के 15 विकास कार्यों का भूमपूजन किया । इन विकास कार्यों में 232.73 करोड़ रुपए की लागत से पुलिस अधिकारी कर्मचारियों के लिए 836 नए पुलिस आवास और 36 करोड़ रुपए की लागत से न्यू स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमिपूजन भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने यहां 33 करोड़ रुपए के दो निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य स्तरीय मिशन कोमल स्पर्श का शुभारंभ किया। इस मिशन की शुरुआत उज्जैन संभाग से की गई है। मिशन में नवजात/छोटे बच्चों के तत्वों की जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि उनमें कोई आनुवंशिक कमी/ विकृति/ बीमारी के लक्षण तो नहीं हैं। यदि ऐसा कुछ मिलता है, तो उस चिन्हित बच्चे का 18 साल की आयु तक निशुल्क उपचार किया जाएगा। यह मिशन मध्यप्रदेश सरकार और अरविंदो हास्पिटल इंदौर द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को कार्यक्रम के दौरान एचडीएफसी बैंक द्वारा अपने सीएसआर फंड से उज्जैन जिले के 51 शासकीय स्कूलों में स्मार्ट क्लासेस निर्माण करने का एक संकल्प-पत्र सौंपा गया।

राहगीरी आनंद उत्सव में हुए शामिल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
राहगीरी आनंद उत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने लोगों को योगा, सुबह-सुबह भ्रमण और व्यायाम करने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर आनंद उत्सव राहगीरी कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उज्जैन कोठी रोड पर आयोजित आनंद उत्सव राहगीरी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को देखकर लोगों में उत्साह रहा। बच्चे, बुजुर्ग, युवा और महिलाएं सभी मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने के लिए उत्साहित दिखे। लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि आपका स्वास्थ्य अच्छा है और परिवार के सभी सदस्य स्वस्थ हैं तो इससे बड़ा कोई सुख नहीं है। हमें अपने स्वास्थ्य के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।