उज्जैन (मध्य स्वर्णिम): तराना में पिछली रात तनावपूर्ण हालात के बाद शुक्रवार दोपहर एक बार फिर स्थिति बिगड़ गई। बस स्टैंड इलाके में पथराव हो गया और एक बस आग के हवाले कर दी गई। पुलिस ने उपद्रवियों पर बीएन एस की धारा 163 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अभी तक 15 से 20 लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। शुक्रवार दोपहर में मचाए गए उपद्रव के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुके हैं। फुटेज के माध्यम से भी उत्पात करने वालों की तलाश की जा रही है। शुक्रवार दोपहर को जब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी यह समझ रहे थे कि पूरा मामला शांत हो गया है तभी तकिया मोहल्ला क्षेत्र बस स्टैंड में 50 से 60 लोगों की भीड़ पहुँची और पथराव शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भीड़ में शामिल लोग धर्म विशेष के थे। पथराव के बाद दूसरे पक्ष के लोग भी सड़क पर उतर आए। दोनों समुदाय के लोगों के आमने-सामने आने के बाद पुलिस ने उन्हें रोका लेकिन इसी बीच किसी व्यक्ति ने यहां खड़ी एक बस में आग लगा दी। इसके बाद इलाके में हालात बिगड़ गए। तराना के बस स्टैंड इलाके में रहने वालों का कहना है कि पथराव करने वाली भीड़ अचानक इलाके में आई और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।




