नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): बीजेपी नेता नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया गया है। पीएम मोदी समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नितिन नबीन ने अपना पदभार संभाल लिया है। बीजेपी मुख्यालय में नितिन नबीन की ताजपोशी देखने को मिली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया है। बीजेपी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को सम्मानित करते हुए पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा की वो दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व करने जा रहे हैं। पिछले कई महीने से संगठन के कई स्तर पर चुनाव की प्रक्रिया चली, जो पूरी तरह से लोकतांत्रिक थी। इस प्रक्रिया का विधिपूर्वक समापन हुआ। पीएम मोदी ने कहा, पिछले डेढ़ सालों में हमने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, अटल जी की 100वीं जयंती और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष जैसे महापर्व मनाए हैं। अटल जी, आडवाणी जी और मुरली मनोहर जोशी जी के नेतृत्व में बीजेपी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है। वैंकेया नायडू और नितिन गडकरी ने संगठन के विस्तार में सहयोग दिया। राजनाथ जी के नेतृत्व में बीजेपी ने पहली बार बहुमत हासिल किया और अमित शाह के नेतृत्व में बीजेपी दूसरी बार सत्ता में आई। अब जेपी नड्डा के नेतृत्व में बीजेपी ने पंचायत से संसद तक का सफर तय किया है। नितिन नवीन के बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नवीन आज से मेरे बॉस हैं और मैं उनका कार्यकर्ता हूं। पीएम मोदी के अनुसार, लोगों को लगता होगा कि मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, 50 साल की छोटी उम्र में मुख्यमंत्री बन गए। 25 साल से सरकार के मुखिया हैं।
राजनीति सत्ता नहीं, साधना है : नबीन
भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भारत माता की जय के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भाजपा के सभी पूर्व अध्यक्षों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा, भाजपा के विस्तार में योगदान देने वाले हमारे शीर्ष नेतृत्व ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को पार्टी के सर्वोच्च पद तक पहुंचाने का अवसर दिया है, इसके लिए मैं आप सभी को प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता आधारित राजनीति भाजपा की सोच है। भाजपा की सोच सर्वव्यापी और सर्वग्राही है। नितिन नवीन ने अपने संबोधन में कहा कि हमने कार्यकर्ता के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशसेवा के काम करते हुए देखा। उन्होंने कहा कि आपको देख कर ही सीखा है कि जो व्यक्ति खुद को लोगों की भावनाओं से जुडऩे वाला बना सकता है, वही बड़ा शख्स बनता है। उन्होंने पीएम मोदी के साथ एक कार्यक्रम में बातचीत का जिक्र करते हुए कहा, मुझे याद है कि जब मैंने पहली बार गुजरात के आनंद में आपके साथ एक कार्यक्रम में भाग लिया था। उस वक्त मैं राष्ट्रीय महासचिव था और मैंने सद्भावना मिशन कार्यक्रम के दौरान आपको प्रत्येक व्यक्ति की बात ध्यान से सुनते हुए देखा था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद, जब आपने अपने ग्रीन रूम में हमसे बात की तो आपने बड़ी भावुकता से समझाया कि गुजरात से इतने सारे लोग क्यों आए थे। उस दिन मुझे समझ आया कि एक व्यक्ति तभी महान बनता है, जब वह जनता की भावनाओं से जुड़ता है। उन्होंने कहा कि हम राष्ट्र प्रथम के नारे से आगे चलते हैं। हम ऐसे राजनीतिक दल से जुड़े हैं, जहां राजनीति सत्ता नहीं, साधना है। राजनीति भोग नहीं, त्याग है। राजनीति ऐशो-आराम नहीं, तपस्या है। राजनीति कोई पदभार नहीं, उत्तरदायित्व है।
मिली जेड श्रेणी की सुरक्षा:
नितिन नवीन के निर्विरोध 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के साथ ही न सिर्फ संगठन में नेतृत्व परिवर्तन हुआ, बल्कि उनकी सुरक्षा व्यवस्था भी नए स्तर पर पहुंच गई।केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नितिन नवीन की श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। यह फैसला इंटेलिजेंस ब्यूरो की थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है।सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन की सुरक्षा अब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के विशेष रूप से प्रशिक्षित कमांडो संभालेंगे। यह सुरक्षा व्यवस्था देशभर में उनके आवागमन के दौरान लागू रहेगी। कैटेगरी सुरक्षा मिलने के बाद उनका मूवमेंट प्रोटोकॉल भी सख्त कर दिया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से यह फैसला हाल के दिनों में लिया गया, जो उनके बढ़ते राजनीतिक कद को दर्शाता है।




