धार (मध्य स्वर्णिम): धरमपुरी विधानसभा से भाजपा विधायक कालूसिंह ठाकुर पर सोमवार को प्राणघातक हमला किए जाने का मामला सामने आया है। विधायक अपने साथियों के साथ खेत देखने गए थे, इसी दौरान जमीन विवाद को लेकर पड़ोसियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में विधायक के सिर पर पत्थर लगने से गंभीर चोट आई है। उन्हें तत्काल उपचार के लिए पहले निजी अस्पताल और फिर शासकीय अस्पताल धामनोद में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना धामनोद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिरसोदिया की है। फोरलेन के पास स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पीछे विधायक का खेत है। विधायक कालूसिंह ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों नारायण सिंगार, नवदीप निंगवाल और गनमैन कैलाश पवार के साथ खेत में चल रहे कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान खेत से सटे पड़ोसी प्रिन्स उर्फ पिंटू, गेंदा बाई पति संतोष गिरवाल और रंजु पति शंकर गिरवाल, निवासी ग्राम सिरसोदिया, वहां पहुंचे और जमीन को अपनी बताते हुए विवाद करने लगे।




