भोपाल (मध्य स्वर्णिम): केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हमारे लिए सिर्फ स्वप्न नहीं, एक संकल्प है और इस संकल्प को पूरा करने के लिए पूरा देश एकजुट और एकमत होकर काम कर रहा है। हम सब मिलकर 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाएंगे। देश के समग्र विकास के इस महायज्ञ में सबसे बड़ी आहुति मध्यप्रदेश की ही होगी। केन्द्रीय सड़क मंत्री गडकरी शनिवार को विदिशा में आयोजित विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सही नेतृत्व और समर्पित सरकार से कदमताल कर हम मध्यप्रदेश को एक प्रगतिशील, समृद्ध और सम्पन्न राज्य बनाएंगे। केंद्रीय मंत्री गडकरी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केन्द्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के विकास को और गति देने के लिए विदिशा में 4400 हजार करोड़ रुपए की लागत से 8 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि हम मध्यप्रदेश के विकास को शक्ति देने के लिए पूरी ताकत से अपना सहयोग देंगे।
रायसेन में बनेगा मेडिकल कॉलेज, सभी प्रक्रियाएं जल्द से जल्द प्रारंभ कराएंगे : सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विदिशा को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व विदेश मंत्री स्व. श्रीमती सुषमा स्वराज का आशीर्वाद भी मिला है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में इस क्षेत्र को लगातार विकास की अनेक सौगातें मिल रही हैं। विदिशा की धरती में अद्भुत आकर्षण है। यह उज्जैन के समान पावन धरती है। हर काल में यहां के वीरों ने अपनी अलग पहचान बनाई। सम्राट अशोक के कार्यकाल में यहां सांची स्तूप का निर्माण हुआ। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने दिल्ली में बैठक के दौरान मध्यप्रदेश को 20 हजार करोड़ रुपए की राजमार्ग विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। केंद्रीय मंत्री गड़करी अपने प्रण के पक्के हैं, उन्होंने मुंबई में समुद्र के ऊपर पुल बनवा दिया है।
विदिशा को बनाएंगे विकास का हब:
चौहान केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी विकास का दूसरा नाम हैं। उन्होंने कहा कि विदिशा संसदीय क्षेत्र का विकास ही मेरा लक्ष्य है। मध्यप्रदेश की जनता की सेवा करने की हर संभव कोशिश की है। विकास के कारवां को अब मुख्यमंत्री डॉ. यादव आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदिशा को आज 4400 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिली है। अब विदिशा बदल रहा है, अब इसे एक रिंग रोड की आवश्यकता है। जब किसी शहर में रोड बनता है तो जमीन की कीमत बढ़ती है। शहर के विकास के साथ उद्योगों का विकास होता है। अब मध्यप्रदेश का गेहूं और बासमती चावल अमेरिका और कनाडा तक धूम मचा रहा है। कोटा-भोपाल-विदिशा- सागर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे के बनने से लोगों का समय बचेगा।
➤ विकसित और आत्मनिर्भर भारत सिर्फ स्वप्न नहीं संकल्प है, पूरा देश एकजुट होकर कर रहा है काम
➤ मध्यप्रदेश को केंद्रीय मंत्री गडकरी ने दी 1 लाख करोड़ रुपए के राजमार्ग विकास कार्यों की मंजूरी
➤ सीआरएफ से 1600 करोड़ देने की घोषणा, इसमें से 400 करोड़ मिलेंगे विदिशा संसदीय क्षेत्र को
➤ सागर-विदिशा-कोटा तक बनेगा नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस हाइवे, 75 किमी दूरी होगी कम
➤ मुख्यमंत्री डॉ यादव म.प्र. के विकास के कारवां को बढ़ा रहे हैं आगेः केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान




