भारत ने विविधता को ताकत में बदला : पीएम मोदी

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कॉमनवेल्थ के स्पीकर्स और प्रेसाइडिंग ऑफिसर्स के 28वें सम्मेलन का उद्घाटन आज, 15 जनवरी को संसद परिसर में किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने भारत के स्टार्टअप से जुड़े लोगों के साथ संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा, इस बार इस कॉन्फ्रेंस का मुख्य विषय संसदीय लोकतंत्र की प्रभावी डिलीवरी है। भारत ने विविधता को अपने लोकतंत्र की ताकत में बदल दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, जिस स्थान पर आप सब बैठे हैं वो भारत के लोकतांत्रिक सफर का बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान है। गुलामी के आखिरी सालों में जब भारत की आजादी तय हो चुकी थी उस समय इसी सेंट्रल हॉल में भारत के संविधान की रचना के लिए संविधान सभा की बैठकें हुई थी। भारत की आजादी के बाद 75 सालों तक ये इमारत भारत की संसद रही। इसी हॉल में भारत के भविष्य से जुड़े अनेक निर्णय और चर्चाएं हुईं। लोकतंत्र को समर्पित इस स्थान को भारत ने संविधान सदन का नाम दिया है। मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, यह चौथा अवसर है, जब कॉमनवेल्थ स्पीकर्स और प्रेसिडिंग ऑफिसर्स की कॉन्फ्रेंस भारत में हो रही है। इस बार इस कॉन्फ्रेंस का मुख्य विषय संसदीय लोकतंत्र की प्रभावी डिलीवरी है। जब भारत आजाद हुआ तब उस दौर में आशंका व्यक्त की गई थी कि इतनी विविधता में भारत में लोकतंत्र टिक नहीं पाएगा लेकिन भारत ने विविधता को अपने लोकतंत्र की ताकत में बदल दिया है। भारतीय अर्थव्यवस्था पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है।