चाइनीज मांझे से आधे घंटे में 2 के गले कटे

0

इंदौर (मध्य स्वर्णिम): इंदौर में चाइनीज मांझे से बाइक सवार युवक का गला कट गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसा कनाड़िया और तिलक नगर के बीच रविवार शाम करीब साढ़े 5 बजे हुआ। मृतक की पहचान रघुवीर धाकड़ के रूप में हुई है, जो बिचौली मर्दाना स्थित ओम साई विहार कॉलोनी का निवासी था। परिजन के मुताबिक, रघुवीर टाइल्स के काम की ठेकेदारी करता था। रविवार को छुट्टी होने के बावजूद बाइक से एक साइट देखने गया था। घर लौटते वक्त शकुंतला अस्पताल के पास चाइनीज मांजे की चपेट में आ गया। राहगीरों ने उसके मोबाइल से परिवार को सूचना दी। रघुवीर का साहिल नाम का बेटा है, जो पढ़ाई करता है। दूसरे बेटे की दो साल पहले पानी में डूबने से मौत हो चुकी है। तिलक नगर टीआई मनीष लोधा ने बताया कि आगे की जांच की जा रही है। इंदौर में ही सपना-संगीता रोड पर करीब साढ़े 5 बजे नीट की तैयारी कर रहे नरेंद्र जामोद का चाइनीज मांझे से गला कट गया। वह अपने दोस्त अनिल चौहान के साथ बाइक से घर की ओर आ रहा था। अनिल उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचा।