मप्र स्टार्टअप समिट-2026 में शामिल होंगे देशभर के स्टार्टअप्स

0

भोपाल (मध्य स्वर्णिम): मध्यप्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई दिशा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश स्टार्टअप समिट-2026 का आयोजन 11 और 12 जनवरी 2026 को रवींद्र भवन, भोपाल में किया जा रहा है। यह दो दिवसीय शिखर सम्मेलन देशभर के स्टार्टअप्स, निवेशकों, इनक्यूबेटर्स, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं, एफपीओ, एमएसएमई और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े प्रमुख भागीदारों को एक साझा मंच पर लाएगा। समिट के माध्यम से राज्य के नीति- आधारित सुधारों, निवेश अवसरों, नवाचारों और प्रेरक स्टार्टअप सफलता कहानियों को प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही यह सम्मेलन नेटवर्किंग, सीखने और सहयोग के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराएगा। समिट के पहले दिन का फोकस क्षमता निर्माण, ज्ञान-साझाकरण और स्टार्टअप सहभागिता पर रहेगा। कार्यक्रम की शुरुआत इन्क्यूबेटर सस्टेनेबिलिटी विषय पर मास्टर क्लास से होगी, जिसमें NSRCEL-IIM बैंगलोर, ISBA, IIM इंदौर सहित देश के अग्रणी इन्क्यूबेटर्स के विशेषज्ञ शामिल होंगे। इसके बाद एग्री एफपीओ को स्टार्टअप के रूप में विकसित करने और वैल्यू चेन ट्रांसफॉर्मेशन पर पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी। दोपहर बाद स्टार्टअप पिचिंग सत्र (क्वालिफायर राउंड) में चयनित स्टार्टअप्स निवेशकों और मेंटर्स के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। दूसरे दिन यानी 12 जनवरी, सोमवार को स्टार्टअप पिचिंग फाइनल्स आयोजित होंगे, जिनमें उच्च संभावनाओं वाले स्टार्टअप्स का चयन किया जाएगा। इसी दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समिट का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित उद्यमी और निवेशक – अमन गुप्ता (को-फाउंडर, बोट), अंकित अग्रवाल (फाउंडर एवं सीईओ, इंश्योरेंसदेखो) और विनीत राय (फाउंडर, आविष्कार ग्रुप) अपने विचार साझा करेंगे।