शिवपुरी: केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बदरवास में आधुनिक उप-डाकघर का लोकार्पण करते हुए डिजिटल इंडिया की दिशा में एक बड़ी समय-सीमा तय की है। सिंधिया ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जून 2026 तक देश के हर गांव में 4G नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। डाक विभाग के बदलते अवतार पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि आज का डाकिया केवल भावनाएं और चिट्ठियाँ ही नहीं, बल्कि बैंकिंग और सरकारी सेवाओं को भी सीधे घर-घर पहुंचा रहा है। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बदरवास में निर्मित उप-डाकघर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बदरवास के प्राचीन मंदिर की गली में स्थित ऐतिहासिक पोस्ट ऑफिस अब आधुनिक स्वरूप में जनता की सेवा के लिए समर्पित है। वर्ष 2009 से शुरू किए गए डाक आधुनिकीकरण अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के 50 पोस्ट ऑफिस का कायाकल्प पूर्ण हो चुका है।
डाकिया चिट्ठी के साथ बैंक लेकर आता है:
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि डाकिया केवल डाक नहीं लाता, वह घर से दिल और सरहद से घर तक की भावनाएं पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि सनी देओल ने फिल्म में कहा था चिट्ठी आई है, लेकिन आज का डाकिया चिट्ठी के साथ बैंक लेकर आता है। पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक, बीमा योजनाएं और सुकन्या समृद्धि योजना आज ग्रामीण परिवारों की आर्थिक सुरक्षा की रीढ़ बन चुकी हैं।




