नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): देश में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का जश्न शुरू होने जा रहा है। इस बीच सोमनाथ मंदिर के पुर्निर्माण के मुद्दे को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। बीजेपी ने सोमनाथ मंदिर के निर्माण को लेकर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर तीखा हमला किया। इसके साथ ही भगवा पार्टी ने पूर्व पीएम नेहरू पर भगवान सोमनाथ के प्रति सबसे अधिक नफरत रखने का आरोप लगाया। बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक के एक पोस्ट की। इसमें उन्होंने नेहरू की तरफ से लिखे गए कई पत्रों का हवाला देते हुए दावा किया कि नेहरू नहीं चाहते थे कि सोमनाथ मंदिर का फिर से निर्माण हो। त्रिवेदी ने आगे लिखा कि पहले सोमनाथ को मोहम्मद गजनी और खिलजी ने लूटा था, लेकिन आजाद भारत में पंडित नेहरू ने भगवान सोमनाथ के प्रति सबसे ज़्यादा नफ़रत दिखाई। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा उदाहरण देखिए पंडित नेहरू ने 21 अप्रैल, 1951 को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री लियाकत अली खान को एक चिट्ठी लिखी। इसमें उन्हें प्रिय नवाबजादा कहकर संबोधित किया।
11 जनवरी को पीएम जाएंगे सोमनाथ:
यह सब पीएम मोदी के 11 जनवरी को सोमनाथ मंदिर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व समारोह में हिस्सा लेने के लिए होने वाले दौरे के बीच हो रहा है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 8 जनवरी से 11 जनवरी तक मनाया जाएगा। इस दौरान भारत की आध्यात्मिक विरासत, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक मूल्यों को उजागर करने वाले कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




