भारत ने रूस से तेल आयात घटाकर टैरिफ हटाने को कहा: अमेरिका

0

नई दिल्ली (मध्य स्वर्णिम): अमेरिका के सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने टैरिफ प्रकरण पर भारत के बारे में बड़ा दावा किया है। ग्राहम के अनुसार, भारतीय राजदूत विनय कुमार क्वात्रा ने उन्हें कहा है कि भारत रूस के साथ तेल की खरीद घटा रहा है, इसलिए वे टैरिफ घटाने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात करें। ग्राहम रविवार को एयर फोर्स वन पर अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ मौजूद थे। ग्राहम ने कहा कि अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने के लिए भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। इस दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने उन देशों पर 500 प्रतिशत टैरिफ लगाने की बात कही, जो रूस से कच्चा तेल खरीद रहे हैं। उन्होंने कहा कि रूस-युक्रेन संघर्ष समाप्त करने के लिए यह जरूरी हो गया है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खरीदारों पर दबाव बनाया जाए। ट्रंप ने कहा कि रूस पर लगे प्रतिबंध उसे बड़ा नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके बाद ट्रंप ने भारत का जिक्र किया। इसके बाद ग्राहम ने कहा, एक महीने पहले मैं भारतीय राजदूत के घर पर था, मैं उनसे जानना चाहा था कि भारत रूस से तेल कैसे खरीद रहा है? ग्राहम के अनुसार भारतीय राजदूत ने उन्हें कहा, क्या आप राष्ट्रपति ट्रंप से टैरिफ पर ढील देने की बात करेंगे। ग्राहम ने कहा कि ट्रंप की ओर से भारत पर की गई कार्रवाई ही वह मुख्य कारण है जिसके चलते भारत अब काफी कम मात्रा में रूसी तेल खरीद रहा है। गौरतलब है कि पिछले महीने विनय क्वात्रा ने ग्राहम और अन्य अमेरिकी सीनेटरों की इंडिया हाउसमें मेजबानी की थी, जहां ऊर्जा और रक्षा सहयोग पर चर्चा हुई थी। हालांकि, ग्राहम के इन दावों पर भारतीय अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है।